अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एसएसआरवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल लोअर कोटला ऊना में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। जिसमें एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जबकि स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमेश कुमार शर्मा कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। एसपी सचिन हिरेमठ ने बच्चों को संबोधित करते हुए साइबर क्राइम ट्रैफिक रूल नशे की बढ़ रही प्रवृत्ति के बारे में बच्चों को जागरूक किया और कहा कि अगर आपके आसपास कहीं पर भी कोई अपराधित घटना घटित हो रही है तो उसके बारे में पुलिस को सूचित करें। अपराध को सहन न करें। इसके खिलाफ आवाज उठाएं ताकि उसको बढ़ने से रोका जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ रही फ्रॉड की घटनाओं का भी जिक्र करते हुए बच्चों को अलर्ट रहने के लिए जागरूक किया और कहा कि अपने परिजनों को भी इसके बारे में जागरूक करें और किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी कोई भी निजी जानकारी सांझा ना करें। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने भी संवाद किया और उनके सवालों का बखूबी जवाब दिए गए। स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमेश कुमार शर्मा ने अमर उजाला की ओर से आयोजित कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से जहां बच्चों को विद्यार्थी जीवन में ही अनुशासित होकर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। वहीं दूसरी ओर उनके मानसिक और बौद्धिक क्षमता में भी विकास होता है।