कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने वीरवार को पीपलू मेले के सफल आयोजन हेतु प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मेले की समग्र रूपरेखा, सुरक्षा प्रबंध, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों के आगमन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 5 मई को पीपलू मेले का शुभारंभ होगा, जिसमें माननीय उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके पश्चात 6 मई को माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री कुलदीप पठानिया मुख्य अतिथि होंगे। मेले के समापन अवसर पर आर एस बाली मुख्य अतिथि होंगे। 7 मई को स्टार नाइट में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मेले की शुरुआत कलश यात्रा होटल आशीर्वाद से प्रारंभ होकर बंगाणा बाजार होते हुए लो.नि.वि. के रेस्ट हाउस तक जाएगी। इसके पश्चात मुख्यतिथि को समारोह स्थल तक पारंपरिक ढंग से ले जाया जाएगा। स्थानीय पंचायत द्वारा मेहमानों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद हवन, पूजन एवं झंडा रस्म की विधिपूर्वक पूर्णता की जाएगी। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों को कार्यक्रम स्थल पर ले जाया जाएगा। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पीपलू मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसे भव्यता के साथ मनाने के लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ विजय डोगरा, प्रदेश कांग्रेस सचिव देशराज मोदगिल, देसराज गौतम, जिला परिषद सदस्य सत्या देवी कार्यकारी एसडीएम अमित कुमार, खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार के साथ अन्य विभागों से आए अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।