लंबे सूखे के बाद रविवार को हुई रिमझिम बारिश ने ऊना जिले के किसानों को बड़ी राहत दी है। जिन किसानों ने पिछले दिनों आलू की बिजाई की थी, उनके लिए यह बरसात किसी वरदान से कम नहीं है। लगभग 15 दिनों से मौसम शुष्क चल रहा था, जिससे मिट्टी में नमी खत्म हो गई थी। ऐसे में यह बारिश फसल के लिए संजीवनी साबित हुई है। स्थानीय किसान जीवन कुमार, जोगिंदर सिंह, मुनीश कुमार और बलवान सिंह ने बताया कि यह बरसात आलू की फसल के विकास के लिए बेहद लाभदायक है। उनका कहना है कि एक प्राकृतिक बारिश का पानी, ट्यूबवेल से दस बार पानी देने के बराबर होता है। बारिश से खेतों में नमी बनी रहेगी और आलू की बढ़वार में तेजी आएगी। किसानों ने बताया कि यदि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहा तो इस बार आलू की पैदावार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक होने की उम्मीद है। खेतों में फैली हरियाली और मिट्टी से उठती सोंधी खुशबू ने किसानों के मन को प्रसन्न कर दिया है। कुदरत की इस बरसात ने किसानों को राहत के साथ-साथ अच्छी फसल की नई उम्मीद भी दी है।