उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत जबेहड़ के गांव जांदोह स्थित प्राचीन बाबा सिद्ध चानो मंदिर में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। आज कथा के दूसरे दिन प्रसिद्ध कथावाचक तरुण डोगरा ने राजा परीक्षित की कथा का भावपूर्ण और विस्तारपूर्वक वर्णन किया। तरुण डोगरा ने श्रद्धालुओं को बताया कि किस प्रकार राजा परीक्षित को श्राप मिलने के बाद उन्होंने शुकदेव जी से सात दिन तक भागवत कथा श्रवण किया और प्रभु भक्ति के मार्ग को अपनाया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्त प्रहलाद, ध्रुव, एवं अन्य प्रमुख पात्रों की दिव्य कथाओं को भी संगीतमय शैली में प्रस्तुत किया, जिसे श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा और प्रेमपूर्वक सुना। कथा पंडाल में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। कथा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी और ग्रामवासियों की ओर से श्रद्धालुओं की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कथा का समापन आगामी दिनों में हवन और पूर्णाहुति के साथ होगा। इस अवसर पर बाबा सिद्ध चानो मंदिर के पुजारी राम पाल लंबरदार मंदिर कमेटी के सदस्य विजय सिंह, डॉ. जगदीश कौडल, तिलक राज, राजमेल जस्वाल, मोनू प्रधान, विजय चोपड़, सुभाष पूर्व प्रधान, लाला सतीश कुमार ज्योति बाला उपस्थित रहे।