उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत पंजोआ खुर्द में सर्वहितकारी सभा समिति ने बीमारी से जूझ रहे परिवार की आर्थिक सहायता कर मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण प्रस्तुत किया। यह सहायता लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही शीला देवी पत्नी हरि सिंह धीमान को दी गई, ताकि उनके इलाज में कोई बाधा न आए। इस अवसर पर समिति के प्रधान मदन धीमान, उपप्रधान अनिल शर्मा, ग्राम पंचायत पंजोआ लड़ोली के प्रधान बलविंदर सिंह, फतेह सिंह, कुशल धीमान सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने न केवल आर्थिक सहायता दी, बल्कि परिवार को भावनात्मक और नैतिक संबल भी प्रदान किया। प्रतिनिधियों ने परिवार को आश्वस्त किया कि समिति भविष्य में भी हर जरूरतमंद के साथ खड़ी रहेगी और किसी भी संकट की घड़ी में पीछे नहीं हटेगी। पंचायत प्रधान बलविंद्र सिंह ने सभा की इस नेक कार्य की प्रशंसा की और इसे समाज में आपसी सहयोग, मानवीयता और भाईचारे को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।