अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारी विपिन कुमार ने कॉलेज के विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, यातायात नियमों, नशे और पुलिस की कार्य प्रणाली के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि देश में हर रोज 6,000 करोड़ के फ्रॉड के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी को साइबर क्राइम से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी भी तरह की ओटीपी सांझा नहीं करने के लिए जागरूक किया और कहा कि वर्तमान का दौर सोशल मीडिया का दौर है और युवा पीढ़ी सोशल मीडिया के चुंगल में फंसकर रह गई है और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के रास्ते से भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि अभी भी वक्त है युवा अपने सारी शक्ति खुद को अनुशासित करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर फोकस करें । सोशल मीडिया से बाहर निकाल कर युवाओं को अपने जीवन में अपने आदर्श का अनुसरण करते हुए आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में समाज के सामने नशा सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके लिए उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह अपने आस-पड़ोस में अगर किसी भी तरह की घटना है तो पुलिस को अवश्य बताएं और 112 नंबर पर किसी भी प्रकार की अपराधिक घटना की जानकारी दें। बताने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कॉलेज की लड़कियों से भी आह्वान किया कि अगर किसी भी प्रकार का कोई यौन उत्पीड़न हो रहा है तो वह उसे सहन न करें। बल्कि उसके खिलाफ आवाज उठाएं। कॉलेज प्रिंसिपल रमेश ठाकुर ने अमर उजाला फाऊंडेशन के पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इससे कॉलेज के युवाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली और विभिन्न मुद्दों पर जागरूक करने से युवाओं के मानसिकता में सकारात्मक बदलाव आएगा और उसके अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।