राजीव गांधी सुविधा केंद्र, बाथू में दिवंगत प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में माता रानी के जागरण का आयोजन किया गया। यह पावन कार्यक्रम उनकी बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री द्वारा उनकी मां की अधूरी इच्छा को पूर्ण करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में हिमाचल विधानसभा के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया, डिप्टी स्पीकर विनय कुमार, अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, ऊना जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक चंबा नीरज नैयर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, गरशंकर के पूर्व विधायक गोल्डी शर्मा, मंडी की चंपा ठाकुर, और गांव बाथु की प्रधान सुरेखा राणा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा, मार्क जॉन इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रधान सुरेश शर्मा भी इस पावन अवसर पर उपस्थित रहे। पंजाब के प्रसिद्ध भजन गायक रोशन प्रिंस और अनंतपाल बिल्ला ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में उपस्थित उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिवंगत प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "यह आयोजन उनकी स्मृति और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने का एक सार्थक प्रयास है।" डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद करते हुए कहा, "यह जागरण मेरी मां की स्मृति और उनकी अधूरी इच्छा को पूरा करने का एक छोटा प्रयास है।"श्रद्धालुओं ने माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और एकजुटता का प्रतीक बनकर सबके हृदयों को छू गया।