चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने आए एक श्रद्धालु के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पठानकोट निवासी अश्वनी कुमार के लापता होने की शिकायत उनके बेटे अजय कुमार ने 19 फरवरी को थाना मोइन में दर्ज करवाई। अजय कुमार ने बताया कि उनके पिता 17 फरवरी 2026 को परिवार के साथ चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने आए थे। दर्शन करने के बाद जब परिवार लौट रहा था, तो रात करीब साढ़े सात बजे रास्ते में शेरे पंजाब ढाबे पर खाना खाने के दौरान अश्वनी कुमार अचानक बिना बताए कहीं चले गए और फिर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने बताया कि उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा गया। अजय कुमार के अनुसार उनके पिता पिछले करीब 20–22 वर्षों से मानसिक रूप से परेशान रहते हैं और पहले भी कई बार बिना बताए घर से निकल जाते थे। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को उनकी अंतिम लोकेशन मुबारकपुर क्षेत्र में लगे कैमरों में देखी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित थानों व चौकियों को सूचना भेज दी है और संभावित स्थानों पर छानबीन जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उक्त व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।