पंचायती राज संस्थानों के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने गुरुवार को डीआरडीए हॉल ऊना में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं उपमंडलाधिकारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के दौरान चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों एवं मतपक्ष लेखन संबंधी कार्यों, मतदान केंद्रों के शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन, पोलिंग पार्टियों के प्रशिक्षण, पोल ड्यूटी बैलेट पेपर जारी करने, मतगणना कर्मचारियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को ग्राम पंचायत मतगणना प्रशिक्षण, सेक्टर अधिकारियों की तैनाती तथा पंचायत समिति एवं जिला परिषद मतगणना केंद्रों की तैयारियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतपेटियों को सुरक्षित रूप से स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने, एचआरटीसी बसों की उपलब्धता, पोलिंग पार्टियों के ठहरने एवं भोजन व्यवस्था, मतगणना के दौरान बिजली एवं पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि जिला ऊना में कुल 4,049 प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 45 जिला परिषद सदस्य, 416 पंचायत समिति सदस्य, 849 प्रधान, 930 उपप्रधान तथा 1,809 वार्ड सदस्य शामिल हैं। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।