हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोनिया गांधी की जीवनी को लेकर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भविष्य में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से बाहर होंगे और अपनी किताब लिखेंगे, तब भाजपा उछल-कूद करे। फिलहाल सोनिया गांधी की जीवनी को लेकर राजनीति करने का कोई औचित्य नहीं है। कुनिहार में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जीवनी लिखने और अपने विचारों व अनुभवों को साझा करने का स्वतंत्र अधिकार है। इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी का देश की राजनीति में लंबा और महत्वपूर्ण अनुभव रहा है। वह कांग्रेस पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं। ऐसे में उन्हें अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत अनुभवों को किताब के माध्यम से साझा करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं और परिस्थितियों को करीब से देखा है। उनके अनुभवों को लिखे जाने पर भाजपा को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लोक निर्माण मंत्री ने कांग्रेस परिवार के बलिदान का जिक्र करते हुए कहा कि एक ही परिवार के दो प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए अपनी जान गंवाई। दोनों की आतंकवादी हमलों में हत्या की गई थी। उन्होंने कहा कि इससे दुखद घटना और क्या हो सकती है। विक्रमादित्य सिंह के अनुसार, सोनिया गांधी ने अपने परिवार के इन्हीं भावों, अनुभवों और देश के प्रति जुड़ी यादों को अपनी किताब में साझा किया है। ऐसे में भाजपा को इस पर अनावश्यक राजनीतिक विवाद खड़ा नहीं करना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भविष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से बाहर होंगे और अपनी किताब लिखेंगे, तब भाजपा को उस पर उछल-कूद करनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि किसी व्यक्ति की जीवनी और उसके विचारों को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।