जिले में शुगर और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की बढ़ती संख्या स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सायरी अस्पताल में लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में सामने आए आंकड़ों ने इसकी गंभीरता को उजागर किया है। शिविर में 615 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान करीब 12 फीसदी लोगों में शुगर की समस्या सामने आई, जबकि करीब 13 फीसदी लोगों में हाई ब्लड प्रेशर पाया गया। जांच में नए शुगर मरीज भी सामने आए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के सामने ऐसे लोगों की समय रहते पहचान करने और उन्हें उपचार उपलब्ध करवाने की चुनौती बढ़ गई है। सायरी अस्पताल में वर्ल्ड कैंसर केयर टीम के सहयोग से लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में क्षेत्र के 600 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य की जांच करवाई। जांच रिपोर्ट के अनुसार, कुल 615 लोगों के टेस्ट किए गए। इनमें से 74 लोगों में हाई शुगर की समस्या पाई गई। वहीं 40 लोगों में नए शुगर के मामले सामने आए। इन आंकड़ों से पता चलता है कि बड़ी संख्या में लोग ब्लड शुगर की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि कई लोगों को जांच के दौरान पहली बार इसकी जानकारी मिली। शुगर के साथ हाई ब्लड प्रेशर के मामले भी विभाग के लिए चिंता का कारण हैं। शिविर में जांच करवाने वाले करीब 13 फीसदी लोगों में हाई बीपी की समस्या पाई गई। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से हाईपरटेंशन डे के तहत एक महीने का जांच कार्यक्रम चलाया गया था। विभाग के अनुसार, इस अभियान में महज 19 दिनों के भीतर 900 से अधिक नए बीपी मरीज सामने आए थे। अब सायरी के शिविर में भी बड़ी संख्या में बीपी से संबंधित मामले सामने आने से विभाग ने ऐसे मरीजों की पहचान और नियमित जांच पर जोर देने की तैयारी की है। स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों में बदलाव भी शुगर और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं के बढ़ने का एक प्रमुख कारण बन रहा है। कम शारीरिक गतिविधि, असंतुलित खानपान और नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करवाने के कारण कई बार बीमारी का पता काफी देर से चलता है। ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना जरूरी है। सायरी में सामने आए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग अब जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में समय-समय पर इसी तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों में बीमारियों की समय रहते पहचान करना है। विभाग का मानना है कि बीमारी का शुरुआती स्तर पर पता चलने से मरीज को समय पर उपचार और जरूरी सलाह दी जा सकती है। सायरी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि सायरी अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में करीब 12 फीसदी लोगों में शुगर और 13 फीसदी में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या पाई गई। शिविर में कुल 615 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने बताया कि मरीजों की अन्य जांचों की रिपोर्ट ऑनलाइन माध्यम से भी प्राप्त हो सकती है।