हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कंडाघाट उपमंडल मुख्यालय में चोरों ने एक ही रात में दो मंदिरों को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने मंदिरों के दानपात्रों के ताले तोड़े और नकदी लेकर फरार हो गए। इनमें से एक मंदिर में चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात चोरों ने सीरिनगर स्थित प्राचीन शिवालय में दानपात्र का ताला तोड़कर करीब 18 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना का पता चलने पर मंदिर कमेटी के प्रधान चेन सिंह सहित देविंद्र, जोगिंदर और हिमांशु मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत कंडाघाट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मंदिर पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति रात करीब 11 बजे मंदिर के पिछले हिस्से से अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। वह रात करीब एक बजे बाहर निकलता नजर आया। शिवालय से करीब आधा किलोमीटर दूर जगतगुरु शंकराचार्य के आश्रम परिसर में स्थित माता राजराजेश्वरी मंदिर में भी चोरी की वारदात हुई। यहां चोरों ने दानपात्र तोड़कर करीब 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। दोनों मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक मंदिर की सीसीटीवी फुटेज से जांच को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस चोरी की घटनाओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।