दिवाली के त्योहार को लेकर बच्चों में उत्साह और रचनात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से यूरोकिड्स प्लेस्कूल में दीया सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े इस आयोजन में स्कूल के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुछ बच्चों ने अपने अभिभावकों के सहयोग से घर पर ही दीये सजाकर तैयार किए, जबकि अन्य बच्चों ने स्कूल में दीयों को आकर्षक रंगों और डिजाइनों से सजाया। बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया। इस दौरान बच्चों को दिवाली के त्योहार में दीयों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि दीपावली रोशनी, खुशियों और सकारात्मकता का पर्व है। स्कूल की ओर से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्रदूषण रहित दिवाली मनाने का संदेश भी दिया गया। आयोजन में पटाखों का इस्तेमाल नहीं किया गया। बच्चों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया गया। दीया सजावट प्रतियोगिता में सुयश, मिताक्षी, वर्तिका, नम्या, युगांक, पार्थ, गौरिक, शिवाय, पूर्विषा और गुरमीत विजेता रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ भारतीय त्योहारों और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिला।