फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरोटीवाला: प्रदूषण मामले पर विस अध्यक्ष ने अधिकारियों को लगाई फटकार

मजारा स्थित शिवालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से कथित प्रदूषण का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा की ओर से विधानसभा सत्र में नियम 62 के तहत मामला उठाए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया दशहरे के दिन स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्लांट का निरीक्षण किया, अधिकारियों के साथ बैठक की और प्रभावित ग्रामीणों व संघर्ष समिति की महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्लांट के निरीक्षण के बाद एक बैठक हुई। इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्लांट प्रबंधन ने कुछ हद तक प्रदूषण की समस्या स्वीकार की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया। अध्यक्ष ने पूछा कि जब उन्हें समस्या की जानकारी थी, तो लोगों की शिकायतों को क्यों नजरअंदाज किया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि प्लांट का संचालन कैसे जारी रखा जा रहा है। अध्यक्ष ने मामले को गंभीर बताया। उन्होंने जिम्मेदारी तय करने और उचित कार्रवाई करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि शिकायत मिलने के बाद विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को सार्वजनिक किया जाए। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और लोग जान सकेंगे कि उनकी शिकायतों पर क्या कदम उठाए गए हैं। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गांव की संघर्ष समिति की महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मामला गंभीर है और इस पर आवश्यक कार्रवाई होगी। उन्होंने जल्द बैठक बुलाकर निर्णय लेने की बात कही। हालांकि, ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्लांट बंद नहीं होता या वर्ष 2027 में दिया गया अवधि विस्तार रद नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें