बद्दी के दो पर्यावरण प्रेमियों ने उद्योगों पर नियमों को ताक पर रखकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता केतन चौहान व समाजसेवी परमिंद्र भट्टी ने सोलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि क्षेत्र के एक सोलर प्लांट उद्योग को नियमों के विपरित मात्र 11 दिन में 118 की परमिशन दे दी गई। उन्होंने इसकी शिकायत उपायुक्त समेत कई अधिकारियों व सरकार से की, लेकिन आज तक उद्योग पर कोई कार्रवाई नहीं की। उद्योग रोजाना 1.50 लाख लीटर पानी उपयोग कर रहा है, जबकि नियमों के तहत एक लाख लीटर से ज्यादा खर्च नहीं कर सकते। साथ ही उद्योग का खतरनाक गैस प्लांट वहां स्थापित किया गया, जहां आवासीय कॉलोनी है। यदि गैस लीक होती है तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से इसमें उचित जांच की मांग उठाई।