रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रधान की ओर से एक साधू की दाढ़ी और केश काटने के बहुचर्चित मामले में अब आपसी समझौता हो गया है। मंगलवार को गांव के गण्यमान्य लोगों की मध्यस्थता से प्रधान और महात्मा के बीच सुलह करवाई गई। समझौते के दौरान प्रधान ने महात्मा से सार्वजनिक रूप से पांव पकड़ कर माफी मांगी और भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न होने का आश्वासन दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं साधू प्रवेश गिरि ने भी प्रधान को माफ कर दिया है। प्रधान ने प्रवेश गिरि को एक अच्छा महात्मा बताते हुए कहा कि वह शराब नहीं पीते हैं तथा वह भांग धतूरा का सेवन करते हैं। उन्होंने समस्त साधू समाज से भी माफी मांगी तथा महात्मा का आगामी समय में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। इस पर साधू ने माफी देते हुए कहा कि पंचअखाड़े जो साधू समाज के लोग आएंगे उनका पूरा खर्च प्रधान वहन करेंगे यही इनका दंड है। गौरतलब है कि इस मामले में साधू की ओर से पुलिस थाना संगड़ाह में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी, जिसके चलते मामला अब न्यायालय के अधीन है। कानूनी जानकारों के अनुसार आरोपी को इस प्रकरण को समाप्त करवाने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर करनी होगी जिसके बाद ही मामला रफा-दफा हो सकता है। इसके अतिरिक्त, एक अन्य महिला द्वारा महात्मा के खिलाफ दर्ज करवाई गई शिकायत के मामले में आगामी कार्रवाई के तहत महिला को न्यायालय में पेश किया जाएगा।