सिविल अस्पताल ददाहू में जल्द ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विशेषकर महिला रोगियों को अल्ट्रासाउंड के लिए नाहन और पड़ोसी राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल की प्रयोगशाला में नई मशीनें भी स्थापित की जाएंगी, जिस पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विनय कुमार ने शनिवार को ददाहू में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल ददाहू रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की करीब 30 पंचायतों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। ऐसे में यहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्टाफ की कमी को भी लगभग पूरा कर लिया गया है। बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 29,44,472 रुपये के बजट पर चर्चा के बाद इसे पारित किया गया। इस राशि को अस्पताल में संसाधन जुटाने और रोगियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर खर्च किया जाएगा। बैठक की शुरुआत समिति के सदस्य सचिव एवं अस्पताल प्रभारी डॉ. अशोक ठाकुर ने सभी सदस्यों का स्वागत कर पिछली कार्यवाही और प्रस्तावों को क्रमवार प्रस्तुत करने के साथ की। बैठक में एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, बीबीसी अध्यक्ष क्षमानंद शर्मा, बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर, कार्यवाहक बीएमओ डॉ. छवि बंसल, रेणुका बांध के वरिष्ठ प्रबंधक कपिल दत्त शर्मा, ददाहू पंचायत प्रधान पंकज गर्ग, उपप्रधान करण जस्सल, बीबीसी सदस्य नीलू गुप्ता, डॉ. विनोद तोमर, डॉ. निखिल, सहायक अभियंता दिलीप तोमर, मनीत भारद्वाज, आरओ अनुज ठाकुर और रविंद्र गुप्ता सहित आरकेएस के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।