हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की समृद्ध हाटी संस्कृति को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में गिरिपार क्षेत्र के 80 कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पारंपरिक नाटी पेश की। लोकनृत्य और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से कलाकारों ने सिरमौर की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। यह समारोह सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में एकता नगर के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति से सम्मानित लोक कलाकार डॉ. जोगिंद्र हाब्बी ने बताया कि सिरमौर के कलाकारों ने करीब 12 मिनट की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक दल का नेतृत्व डॉ. जोगिंद्र हाब्बी और कैलाश शर्मा ने किया। उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के निदेशक अश्विन महेश दलवी के निर्देश और कार्यक्रम अधिकारी राजेश बक्शी की देखरेख में कलाकारों ने इस प्रस्तुति को तैयार किया। लोक गायक चंद्र मोहन ठाकुर, चमन लाल, डॉ. ईश्वर शर्मा और महिमा नंद सहित अन्य वरिष्ठ कलाकारों ने भी आयोजन में योगदान दिया। कलाकारों ने हाटी संस्कृति की पहचान माने जाने वाले घाघटू, झगटू, ढाठू, लोइया, सूथन, डांगरा, गातरा और पारंपरिक टोपी पहनकर नाटी प्रस्तुत की। पारंपरिक पहनावे और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों के जरिए गिरिपार क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत किया गया। डॉ. हाब्बी के अनुसार, कलाकारों ने 31 अक्तूबर को प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति दी। समारोह की तैयारियों के तहत 22 से 30 अक्तूबर तक करीब पांच हजार कलाकारों ने सामूहिक सांस्कृतिक कोरियोग्राफी का अभ्यास किया था। डॉ. जोगिंद्र हाब्बी ने कहा कि इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन में सिरमौर की हाटी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। इससे गिरिपार क्षेत्र की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को देशभर के लोगों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला। समारोह का आयोजन गुजरात सरकार, केंद्रीय गृह एवं संस्कृति मंत्रालय, युवा सेवा एवं खेल विभाग, क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों, संगीत नाटक अकादमी और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।