शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हो गया। समापन समारोह में जिला उपनिदेशक सैनिक कल्याण बोर्ड सिरमौर मेजर दीपक धवन ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान मेजर दीपक धवन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन जीवन में सफलता की कुंजी है। एनएसएस विद्यार्थियों में अनुशासन की भावना विकसित करने के साथ उन्हें समाजसेवा के लिए भी प्रेरित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें, सकारात्मक सोच अपनाएं और अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार अपनाने और जीवन में सही दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। मेजर दीपक धवन ने यह भी कहा कि वह स्वयं इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। ऐसे में अपने पुराने स्कूल में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचकर विद्यार्थियों के बीच अपने विचार साझा करना उनके लिए गौरव का पल है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य समेत समस्त स्कूल स्टॉफ मौजूद रहा।