अश्विन नवरात्र की अष्टमी पर सिरमौर जिले के नाहन स्थित सिद्धपीठ कालीस्थान मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। माता रानी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खोल दिए गए थे। इसके बाद मां के दर्शन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में कन्या पूजन कर पर्व मनाया। भक्तों ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की। कालीस्थान मंदिर के प्रति लोगों की गहरी आस्था के चलते हिमाचल प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे। भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। कालीस्थान मंदिर कमेटी के महासचिव देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कमेटी की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अष्टमी के अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरा परिसर माता रानी के जयकारों और भक्ति भाव से गूंजता रहा।