जिला सिरमौर के लोगों के लिए पहली वोल्वो बस सेवा की शुरुआत हो गई है। ये बस शिमला के एचआरटीसी तारादेवी डिपो से पांवटा साहिब पहुंची। बस शनिवार को स्थानीय बस स्टैंड से डीएम एचआरटीसी देवा सेन नेगी व पवन शर्मा ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। डीएम एचआरटीसी देवा सेन नेगी कहा कि जिला सिरमौर के उद्योगपतियों, आईआईएम सिरमौर और स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल के विशेष आग्रह के बाद यह वोल्वो बस सेवा पांवटा साहिब को उपलब्ध करवाई गई है। नेगी ने कहा कि वोल्वो पांवटा साहिब बस स्टैंड से वाया यमुनानगर, करनाल व पानीपत होते हुए दिल्ली आईएसबीटी तक अपनी सेवाएं देगी। इससे यात्रियों को आरामदायक और लग्जरी यात्रा का अनुभव मिलेगा। बस सुबह करीब 7:00 बजे पांवटा साहिब से दिल्ली के लिए रवाना होगी। दिल्ली से इसकी वापसी दोपहर बाद 3:45 पर पांवटा साहिब के लिए होगी और रात 10:30 बजे तक पांवटा साहिब पहुंचेगी। एक तरफ का किराया 607 रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि समय अभी सात बजे रखा गया है। बाकी बाद में फेरबदल किया जा सकता है। इस अवसर पर डीएम पवन शर्मा, आरएम सिरमौर राम दयाल, अड्डा प्रभारी प्रेम ठाकुर, एचआरटीसी चालक यूनियन के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, धनवीर सिंह, कमलेश ठाकुर, अशोक कुमार, सतीश कुमार, काकू राम, भूपेश, लोकेश, जितेंद्र व सिया राम समेत एचआरटीसी के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।