फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: पेंशनरों की लंबित देनदारियों पर सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का एलान

हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति ने पेंशनरों की लंबित देनदारियों और अन्य मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। समिति ने स्पष्ट किया कि 17 सूत्रीय मांगपत्र पर ठोस कार्रवाई और लंबित देनदारियों का भुगतान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। समिति के अनुसार, यदि सरकार ने 18 संगठनों की संयुक्त समिति को वार्ता के लिए नहीं बुलाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समिति की छह सदस्यीय कमेटी प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा के नेतृत्व में जन-जागरण अभियान के तहत नाहन पहुंची। यहां आयोजित बैठक में पेंशनरों की समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भूपराम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले साढ़े तीन वर्षों से पेंशनरों की देनदारियों का चरणबद्ध तरीके से भुगतान करने का आश्वासन दे रही है, लेकिन छठे वेतन आयोग से संबंधित करोड़ों रुपये अब भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत (डीए/डीआर) की पांच प्रतिशत किस्त जारी की गई है, जबकि 10 प्रतिशत की किस्त अभी तक नहीं मिली है। उनके अनुसार, सरकार के कार्यकाल में लगभग एक वर्ष शेष है, इसलिए पेंशनरों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने 14 सितंबर 2026 को वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचना पर भी नाराजगी जताई। वर्मा ने आरोप लगाया कि महालेखाकार कार्यालय में स्वीकृत पेंशन कम्यूटेशन के मामलों का भुगतान करने से भी इनकार किया गया है। इससे पेंशनरों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार दिवाली तक लंबित देनदारियों के संबंध में अधिसूचना जारी नहीं करती है, तो 12 नवंबर को पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जिला संयोजक ओएल चौहान ने बताया कि पेंशनरों की समस्याओं को उठाने के लिए आगामी दिनों में सभी ब्लॉकों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठक में गंगा राम शर्मा, सैन राम नेगी, लायक राम शर्मा, मोहन ठाकुर और मदन शर्मा ने भी अपने विचार रखे। भूपराम वर्मा ने पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन के बैंक खाते को लेकर आरोप लगाया कि खाते से अधिकांश राशि निकाल ली गई है और अब उसमें केवल 46 हजार रुपये शेष हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हिमाचल प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक की माल शाखा के प्रबंधक को पत्र लिखकर संबंधित व्यक्ति को खाते से निकासी की अनुमति नहीं देने का आग्रह किया गया है। इस अवसर पर गुरदयाल सिंह पंवार, प्रीतम चौहान, विजय ठाकुर, विक्रम मोहिल, गीता राम तोमर, जगदीश ठाकुर, परवेज इकबाल, राम स्वरूप चौहान, अश्वनी ठाकुर, डीआर शर्मा और मोहन लाल ठाकुर सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे। समिति ने दोहराया कि पेंशनरों की लंबित देनदारियों का भुगतान करने और 17 सूत्रीय मांगपत्र पर ठोस कार्रवाई होने तक जन-जागरण अभियान जारी रखा जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें