दीपावली के त्योहार में महज चार दिन शेष हैं, लेकिन नाहन के मुख्य बाजार से रौनक गायब है। त्योहारों के सीजन में जहां कभी बाजार में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती थी, वहीं इस बार दुकानदार ग्राहकों की राह ताक रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बाजार में खरीदारी करने वाले तो दूर, चहल-पहल के लिए घूमने वाले लोग भी नजर नहीं आ रहे हैं। दुकानों में सजा दिवाली का सामान खरीदारों का इंतजार कर रहा है, लेकिन ग्राहकों की बेरुखी ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। दिवाली से पहले बाजार की इस बेरौनक तस्वीर के पीछे कारोबारी ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन को भी बड़ी वजह मान रहे हैं। उनका कहना है कि स्थानीय बाजार में पैसा लगाने वाले व्यापारी किराया, बिजली बिल, कर्मचारियों के वेतन और अन्य खर्चों का बोझ उठा रहे हैं, लेकिन ग्राहक खरीदारी के लिए बाजार तक नहीं पहुंच रहे। ऐसे में कारोबारियों की उम्मीदें अब धनतेरस पर टिक गई हैं। हालांकि, उन्हें यह भी आशंका है कि एक दिन की भीड़ पूरे त्योहार सीजन की मंदी की भरपाई नहीं कर पाएगी।