नौहराधार में लगभग 6 करोड़ से बनने वाले सीएचसी भवन के निर्माण कार्य का विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने निरीक्षण किया। निरिक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश दिए ताकि इसका विधिवत उदघाटन किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस सीएचसी के निर्माण से नौहराधार के साथ आसपास की पंचायतों के सैकड़ों लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इस सीएचसी में आधारभूत सुविधाएं तथा सभी आधुनिक उपकरण भी शीघ्र ही उपलब्ध करवाए जाएंगे। विधानसभा उपाध्यक्ष ने भारी बारिश से हुए नुकसान का भी जायजा लिया। वह चौरास गांव में शीला देवी के परिवार से मिले, जिनकी गत दिनों भूस्खलन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। उन्होंने शीला देवी के परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। विनय कुमार इसके बाद वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र ठाकुर से उनके आवास पर मिले, जहां उन्होंने हाल ही में उनके पिता की मृत्यु होने पर शोक प्रकट किया। उपाध्यक्ष ने अपने दौरे के दौरान नोहराधार, चौरास, घंडूरी, चाड़ना, सैल, हरिपुरधार में लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने बडोल से कुणा सड़क को शीघ्र खोलने, दयूड़ी खडाह में पीने का पानी उपलब्ध करवाने को कहा तथा ग्राम पंचायत टिकरी डकासना के गांव धरडिया के लोगों को जमीन गिफ्ट डीड करवाने को कहा ताकि सड़क का कार्य आरम्भ करवाया जा सके। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष तेजेंद्र कमल, एसडीएम संगडाह सुनिल कायथ, डीएसपी मुकेश डडवाल, बीडीओ संगडाह पूजा नेगी भी उपस्थित रहे।