राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनकला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष ऋषिपाल शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। इस विशेष शिविर में विद्यालय के 54 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। शिविर के शुभारंभ अवसर पर स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दिया। इससे पहले एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी हरदेव सिंह ठाकुर ने सात दिवसीय शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने स्वयंसेवियों को शिविर के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति तंवर और एसएमसी अध्यक्ष ऋषिपाल शर्मा ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा की भावना के साथ शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सहयोग और सामूहिक कार्य करने की भावना विकसित करने का अच्छा अवसर है। शिविर के शुभारंभ अवसर पर उपप्रधानाचार्य नवनीत वर्मा, कार्यक्रम अधिकारी शालिनी गुरुंग, भूपिंदर सिंह, शालिनी ठाकुर और रोजी वर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।