हिमाचल प्रदेश की छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के चतुर्वार्षिक श्राद्ध (चवरख) का मंगलवार को रामपुर के पदम महल परिसर में आयोजन किया गया। इस चवरख में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन, आयुष, यूथ सेवाएं एंव खेल मंत्री यादविंद्र सिंह गोमा, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक देहरा कमलेश ठाकुर, योजना आयोग के अध्यक्ष नंद लाल सहित कांग्रेस के आला नेता मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने दिवंगत वीरभद्र सिंह के फोटो पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। चतुवार्षिक श्राद्ध को लेकर सुबह 6:00 बजे से हल्के वाहनों को बजीर बावड़ी से वाया झाकड़ी होकर भेजा गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्र से काफी संख्या में लोग आए और पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देकर चले गए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आईं महिलाओं ने नम आखों से वीरभद्र को श्रद्धांजलि देकर उन्हें नमन किया। पुलिस ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए थे।