किन्नौर में पुलिस कांस्टेबल भर्ती में वीरवार को पुरुष वर्ग की दूसरे दिन भी शारीरिक दक्षता और शारीरिक मानक परीक्षा हुई। कुल 829 पुरुष अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 539 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 290 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इनमें से 21 पुरुष अभ्यर्थी ही शारीरिक दक्षता राउंड उत्तीर्ण कर पाए। इसके अतिरिक्त जो अभ्यर्थी किसी कारणवश 27 और 28 को उपस्थित नहीं रहे और जिन अभ्यर्थियों ने अपनी शारीरिक दक्षता परीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षा की तारीख बदलने के लिए आवेदन किया था, उनके लिए शनिवार को शारीरिक दक्षता और शारीरिक मानक परीक्षा आयोजित की जाएगी। दूसरे दिन किन्नौर जिले के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने शारीरिक दक्षता और शारीरिक मानक परीक्षा के लिए सुबह 7 बजे से खूब पसीना बहाया। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने बताया कि शुक्रवार को किन्नौर जिले की पुरुष अभ्यर्थियों के लिए पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। जो किसी कारणवश 27 और 28 मार्च को उपस्थित नहीं हो पाए हैं उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा शनिवार को कल्पा स्टेडियम में होगी।