सुंदरनगर व्यापार मंडल ने सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के सुंदरनगर कैंपस को एमएलएसएम कॉलेज को देने पर प्रदेश सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इस कैंपस को कही और न लेकर यहीं अन्य भवन में संचालित करने की मांग उठाई है। व्यापार मंडल का कहना है कि इस कैंपस को यहां से कहीं और शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है, जिसका वे विरोध करते हैं। इन्होंने डीसी मंडी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू से इस कैंपस को कहीं और ले जाने की बजाय सुंदरनगर में ही संचालित करने की मांग उठाई है। सोमवार को इस मांग को लेकर सुंदरनगर व्यापार के पदाधिकारी डीसी मंडी अपूर्व देवगन से मुलाकात की। एसपीयू द्वारा इस कैंपस में एग्जामिनेशन विंग चलाया जा रहा है, जिसे अब बासा एसपीयू के कैंपस में शिफ्ट किया जा रहा है। व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि एसपीयू सुंदरनगर कैंपस का बंद होना जनहित में नहीं है। उन्होंने आपत्ति जताई कि वर्तमान भवन को बासा कॉलेज में स्थानांतरित करना उचित नहीं है। वहीं व्यापार मंडल के महासचिव संजय शर्मा ने कहा कि शहर में कई सरकारी भवन हैं, जहां कैंपस को स्थानांतरित किया जा सकता है। इस मुद्दे को उन्होंने विधायक सुंदरनगर राकेश जम्वाल के समक्ष भी उठाया है। उन्हें उम्मीद है कि सीएम उनकी इस मांग पर गौर करेंगे और इस कैंपस को सुंदरनगर में ही जारी रखने के नए आदेश जारी करेंगे।