टीम उतरशाल के सेवा कार्य के दौरान एक ऐसा भावुक और प्रेरणादायक दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भीतर तक छू लिया। यह साबित हो गया कि समाज सेवा केवल बड़े संसाधनों से नहीं, बल्कि बड़े दिल से होती है। पहली कक्षा में पढ़ने वाली नन्ही एलिना ने अपने मासूम प्रयास से इस सच्चाई को जीवंत कर दिया। सेवा कार्य के दौरान जब टीम उतरशाल दो जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री प्रदान कर रही थी, तभी नन्ही एलिना अपनी गुल्लक लेकर स्वयं आगे आई और गंभीर रूप से बीमार भाई लाल चंद की सहायता के लिए अपना योगदान दिया। एलिना का यह सहज लेकिन गहराई से भरा कदम सभी की आंखें नम कर गया और वातावरण भावनाओं से भर उठा।