भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष श्री निहाल चंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आने के लिए जनता को झूठी गारंटियों का लालच देकर ठगा था। महिलाओं को ₹1500 देने, बेरोजगारों को 5 लाख रोजगार और कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने के वादे केवल सत्ता हासिल करने का साधन थे। कांग्रेस सरकार ने इन वादों में से एक भी पूरा नहीं किया और प्रदेश की जनता को निराश किया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बिहार जाकर वही पुराना ढर्रा दोहरा रहे हैं और वहां की जनता को भी झूठे सपनों और गारंटियों के जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। निहाल चंद शर्मा ने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस के झांसे में नहीं आएगी। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की नीतियों से हर वर्ग दुखी है, और अब बिहार में भी कांग्रेस ऐसी ही गलतबयानी कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए गठबंधन के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अनेक विकास कार्य किए हैं। बिहार की जनता झूठे वादों और गारंटियों के बजाय विकास, सुशासन और स्थिरता पर भरोसा करती है। शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की जनता एनडीए को बहुमत देकर वहां फिर से विकासशील सरकार बनाएगी, और कांग्रेस की झूठी राजनीति को करारा जवाब देगी।