मंडी साक्षरता एवं जन विकास समिति ने अपने कार्यकर्ताओं के सहयोग से मंडी और कुल्लू जिलों के 19 परिवारों को कुल 4.30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है। यह सहायता उन परिवारों को दी गई है जिनके घर या गोशालाएं हालिया आपदा के दौरान पूरी तरह से नष्ट हो गए थे या अब रहने योग्य नहीं रहे। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र मोहन ने बताया कि प्रभावित परिवारों को उनकी स्थिति के अनुसार राशि जारी की गई है। उन्होंने बताया कि यह सहायता समिति द्वारा आपदा प्रभावित कार्यकर्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से दी गई है। समिति के महासचिव भीम सिंह ने बताया कि यह सहयोग राशि समिति के कार्यकर्ताओं ने आपसी एकजुटता और मानवीय संवेदना के आधार पर एक परिवार की तरह जुटाई है। बताया कि समिति ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) गोल्डन जुबली फाउंडेशन को 950 परिवारों के लिए 1.53 करोड़ रुपये की परियोजना भी भेजी है। समिति ने समाज के सक्षम लोगों से अपील की है कि वे भी आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।