मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुंदरनगर पहुंच गए हैं। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। अब वह नेरचौक जाएंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे तथा मेडिकल कॉलेज छात्रों के वार्षिक समारोह की अध्यक्षता करेंगे। श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, नेरचौक परिसर में पहुंचेंगे। यहां पर मुख्यमंत्री राज्य दाई प्रशिक्षण केंद्र (स्टेट मिडवाइफरी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट), व्यापक स्तनपान प्रबंधन केंद्र (कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सिस्टम), पोषण पुनर्वास केंद्र (न्यूट्रिशनल री-हेबिलिटेशन सेंटर) तथा एंडोस्कोपी सुविधा का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के लिए छात्रावास का शिलान्यास भी करेंगे। इसके उपरांत ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, नेरचौक के छात्रों के वार्षिक समारोह आइरिस-2025 की अध्यक्षता करेंगे।