राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारधारा एवं उनकी आज के समय में प्रासंगिकता विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने वक्तव्यों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता व प्रांत प्रमुख स्वदेशी शोध संस्थान स्वदेशी जागरण मंच प्रो. अनुपमा सिंह रहीं। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को विद्यार्थियों के समक्ष रखते हुए कहा कि युवा वर्ग ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या जय श्री कपूर ने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों की वर्तमान समय में आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विवेकानंद जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। इस भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय के जूनियर एवं सीनियर दोनों विंग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पुष्पा ठाकुर एवं निवेदिता आनंद भी मौजूद रहे।