पूर्व में रही भाजपा सरकार के कारण आज हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था माली हालत से गुजर रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहाड़ी प्रदेश के साथ बिना किसी भेदभाव के आपदा में हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। यह बात मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कही है। इस मौके पर कौल सिंह ठाकुर ने आपदा राहत के तौर पर प्रदेश को 1,500 करोड़ देने की पीएम मोदी की घोषणा का स्वागत भी किया। कौल सिंह ने कहा कि बरसात के सीजन में हिमाचल में आई आपदा के दौर में अब तक 5,500 करोड़ का नुकसान हो चुका है। केंद्रीय टीमों के आकलन के बाद इस नुकसान के अभी और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के प्रदेश की मदद करनी चाहिए। कौल सिंह ने कि धर्मपुर में जब यहां बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव रखा गया था, तो उस समय वे भी वहां मौजूद थे। सौण खड्ड नजदीक होने के चलते उन्होंने इसका विरोध किया था, लेकिन उस दौरान उनकी एक भी नहीं सुनी गई। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व प्रदेश महासचिव चेत राम ठाकुर, कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर सहित अन्य भी मौजूद रहे।