कलोगा मंडप रोड और चौकी पुल से अपर चौकी रोड पिछले दो महीनों से बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें बंद होने के कारण न तो वाहनों की आवाजाही संभव है और न ही लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में सुविधा मिल पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो मरम्मत कार्य शुरू हुआ और न ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर सड़कें नहीं खोली गईं, तो वे सहायक अभियंता कार्यालय का घेराव करेंगे। इस आंदोलन में भाजपा नेता रजत ठाकुर ने भी ग्रामीणों के साथ उतरने की घोषणा की है। ठाकुर ने कहा कि सरकार और विभाग जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग उपमंडल मंडप के सहायक अभियंता ई. योगेश कुमार का कहना है कि मार्ग पर मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा और प्रयास है कि सड़क अगले सप्ताह तक सुचारू हो जाए। मुरारी लाल प्रधान चौकी, सुनील कुमार उपप्रधान, दलीप सिंह, विनोद कुमार ,अभिषेक कुमार, संजय कुमार, पवन कुमार, मीना देवी, कल्पना देवी, मोहन लाल, विजय कुमार, लेख राज बीडीसी, सतपाल, जय पाल बिष्ट, संजय कुमार, सुशील कुमार, कश्मीर सिंह, हरि चंद, टेक चंद, हंस राज, रूप लाल भी मौजूद रहे ।