नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत मंडी जिला स्तरीय मैराथन का आगाज जोगिंद्रनगर आईटीआई में किया गया। इसमें जिले की 12 आईटीआई के 200 से अधिक छात्राओं ने दौड़ लगाई। आईटीआई मंडी ने जिला स्तरीय मैराथन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे ओर तीसरे स्थान पर भी आईटीआई मंडी की खिलाड़ी छात्राओं का परचम लहराया। गुरुवार सुबह 7:00 बजे आयोजित हुई इस मैराथन में कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर, पुलिस थाना जोगिंद्रनगर के प्रभारी सकीनी कपूर ,आईटीआई जोगिंद्रनगर की प्राचार्या इंजीनियर नवीन कुमार के अलावा जिला भर से आए खेल प्रशिक्षकों ने भी हिस्सा लेकर नशा मुक्त समाज का संकल्प लिया। मास्टर खेलों में कई मैडल जीत चुके खिलाड़ी अमर सिंह खनोडिया, स्थानीय खिलाड़ियों और प्रतिष्ठित कारोबारियों ने भी आईटीआई परिसर से ढेलू पंचायत के डोहग बाजार तक दाैड़ लगाई। कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद कर रहा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश को नशे से मुक्ति दिलाने के ऐसे कार्यक्रम जागरुकता लाते हैं। मैराथन प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक आईटीआई जोगिंद्रनगर की प्राचार्या इंजीनियर नवीन कुमारी ने बताया कि जिला स्तरीय मैराथन प्रतियोगिता में आईटीआई मंडी, पधर पपलोग, थलोट, निहरी, जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर, डैहर, चचयोट, बगस्याड के 200 अधिक छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर नशा मुक्त हिमाचल अभियान को रफ्तार दी।