फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: हरिद्वार में हिमाचली सिड्डू का जलवा, विदेशी मेहमान भी हुए मुरीद

हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन सिड्डू का स्वाद अब देश की सीमाओं से बाहर के मेहमानों तक भी पहुंच रहा है। हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया ओरिएंटल कॉन्फ्रेंस-2026 में मंडी का सिड्डू लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंडी की अंबिका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने स्टॉल के माध्यम से हिमाचल की खानपान परंपरा और स्थानीय संस्कृति की झलक पेश की। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ विदेशी मेहमानों ने भी हिमाचली सिड्डू का स्वाद चखा। अंबिका स्वयं सहायता समूह की महिलाएं विशेष रूप से हिमाचल के प्रसिद्ध पारंपरिक पकवान सिड्डू को लेकर हरिद्वार पहुंची थीं। सम्मेलन में उनके स्टॉल पर लोगों की अच्छी रुचि देखने को मिली। अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिभागियों और विदेशी मेहमानों ने सिड्डू चखने के साथ हिमाचली खानपान के बारे में भी जानकारी ली। समूह की संचालक अंजू शर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने हुनर और स्थानीय उत्पादों को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। इससे पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान मिलती है और महिलाओं के स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने इस अवसर के लिए सम्मेलन के आयोजकों और नगर निगम मंडी का आभार व्यक्त किया। पतंजलि रिसर्च फाउंडेशन के वैज्ञानिक डॉ. अश्विनी ठाकुर ने बताया कि सम्मेलन में प्रकाशकों के साथ देश के विभिन्न राज्यों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भी भाग लिया। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने बताया कि करीब 30 साल के लंबे अंतराल के बाद हरिद्वार में ऑल इंडिया ओरिएंटल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का समापन 1 नवंबर को होगा। अंबिका स्वयं सहायता समूह की भागीदारी ने मंडी के पारंपरिक सिड्डू को दूसरे राज्यों के लोगों और विदेशी मेहमानों तक पहुंचाने का अवसर दिया। ऐसे आयोजनों के जरिए स्थानीय खानपान, सांस्कृतिक विरासत और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सकती है। साथ ही, ग्रामीण महिलाओं के हुनर को स्वरोजगार और आजीविका से जोड़ने में भी मदद मिलती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें