उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि 4 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा देश भर में नीट का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए जिला मंडी में 7 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंडी जिला मुख्यालय में 4 परीक्षा केंद्र राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी, सरदार पटेल यूनिवर्सिटी, मंडी, राजकीय विजय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्वायज, मंडी तथा कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, मंडी में बनाए गए हैं। जबकि सुंदरनगर में 3 परीक्षा केंद्र राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सुंदरनगर, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सुंदरनगर तथा कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंउरनगर में स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से आह्वान किया कि वह परीक्षा केंद्र पर परीक्षा आरंभ होने से एक घंटा पूर्व पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि दोपहर 1.30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड, स्वयं सत्यापित पासपोर्ट साइज की फोटो, कोई भी वैध पहचान पत्र साथ लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, घड़ी, पर्स तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गजट्स, खाद्य सामग्री तथा पानी की बोतल मान्य नहीं होगी।