प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक परिवहन वाहनों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने की अधिसूचना जारी होने के बाद मंडी जिला में परिवहन विभाग के तत्वाधान में जागरुकता अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर ने मंडी के पड्डल मैदान में विभिन्न विभागों के साथ अटैच गाड़ियों का निरीक्षण किया। इन सभी गाड़ियों में सरकार की ओर से निर्धारित मापदंडों के अनुसार डस्टबिन पाए गए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रदूषण को रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत सभी टैक्सियों, सार्वजनिक परिवहन सेवाओं, निजी परिवहन सेवाओं, ट्रकों तथा टेंपो ट्रैवलर में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने सभी सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी तथा ट्रक ऑपरेटर यूनियनों के पदाधिकारियों को इस बारे सभी को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि हिमाचल को प्रदूषण मुक्त किया जा सके। उन्होंने बताया कि इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाही अमल में लाई जा सकती है तथा उन्हें 1500 से लेकर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान है। इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी भाटिया भी उपस्थित थे।