भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की पंजाई इकाई की बैठक रविवार को लुद्रमणि की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राज्य कमेटी सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी 22 जुलाई को प्रस्तावित देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) के विरोध में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले भी जलाए जाएंगे। महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियां किसानों, मजदूरों और आम लोगों के हितों के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट भारतीय कृषि और विशेष रूप से हिमाचल के सेब उत्पादकों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। पार्टी ने इन समझौतों का विरोध करते हुए भविष्य में बागवानों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने की बात कही। बैठक में दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने की भी आलोचना की गई। वक्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। माकपा नेताओं ने कहा कि किसानों, बागवानों और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। बैठक में यदुनंदन राय, प्रकाश चंद, रूपचंद, ओमचंद, धर्मदास, देवेंद्र पाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।