प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं को विभिन्न संगठन और लोग अपने-अपने तरीके से आयोजित कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर में छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ यह यात्रा निकाली गई। एबीवीपी के कार्यकर्ता और कॉलेज विद्यार्थियों ने वल्लभ कॉलेज के परिसर से इस 200 फीट लंबे तिरंगे को उठाकर पूरे शहर का चक्कर लगाया। इस दौरान इन्होंने भारत माता की जय और भारतीय सेना की जय के नारे भी लगाए। एबीवीपी मंडी इकाई के मंत्री करण ठाकुर ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान व शान है। इसके सम्मान में निकाली गई यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला। सभी ने तिरंगे को उठाकर इस यात्रा में अपनी भागीदारी निभाई।