जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति की दूर्गम घाटी मयाड़ में 11 दिन बाद बिजली बहाल हुई है। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने डेढ़ से दो फुट बर्फ में जाकर क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों को दुरुस्त कर घाटी के सैकड़ों लोगों को राहत प्रदान की है। घाटी में हुई भारी बर्फबारी से 136 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद हो गए थे। इन्हें बहाल करने में बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने माइनस तापमान में बिजली के खंभों में चढ़कर बिजली को बहाल कर लोगों को राहत दी है। वहीं, जिला में अभी 200 से अधिक सड़कें बंद हैं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों तक जिला कुल्लू और लाहौल घाटी में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। ऐसे में दोनों जिला प्रशासन ने भी सैलानियों व आम लोगों को बर्फ वाले इलाकों की तरफ न जाने की हिदायत दी है।