हमीरपुर जिले की राजकीय प्राथमिक पाठशाला निहारी को बंद किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने उप शिक्षा निदेशक प्राइमरी से मुलाकात की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर राजकीय प्राथमिक पाठशाला निहारी स्कूल को बंद नहीं करने गुहार लगाई है। हमीरपुर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि निहारी स्कूल को बंद करने के बाद तीन किमी दूर करोट स्कूल में बच्चों को जाना पड़ेगा, जिससे काफी परेशानी होगी। रास्ते में जंगल भी आता है, जिससे हर समय बच्चों की चिंता सताएगी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि इस समय पाठशाला में 11 बच्चे हैं। उन्होंने शिक्षा उप निदेशक से मांग करते हुए कहा कि फिर से निहारी पाठशाला को खोला जाए ताकि बच्चे अपनी पढ़ाई पूरी कर सके।