ओमान तट के निकट हुए हमले में हमीरपुर के युवा नाविक आदित्य शर्मा की मौत के मामले में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक दीपक शर्मा ने केंद्र सरकार और अमेरिका पर तीखा हमला बोला है। जारी बयान में उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी आलोचना की। दीपक शर्मा ने कहा कि भारत के तीन नाविकों की मौत हुई है, जिनमें हमीरपुर के आदित्य शर्मा भी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल हादसा नहीं, बल्कि एक गंभीर घटना है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश और देश में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व इस मामले पर खुलकर प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं। दीपक शर्मा ने कहा कि इस घटना को लेकर अमेरिका की भूमिका पर सवाल उठाए जाने चाहिए और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। किसान कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वह इस मामले में कानूनी राय ले रहे हैं और कानून के तहत आगे की कार्रवाई की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। दीपक शर्मा ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाया जाए और परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए।