विकास खंड नादौन की सभी 59 पंचायतों के प्रधानों, उप प्रधानों व सचिवों को कामगार कल्याण बोर्ड ने मजदूरों की सुरक्षा के अलावा उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। विकास खंड नादौन कार्यालय के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कामगार कल्याण अधिकारी हमीरपुर रश्मि ठाकुर ने कहा कि पंचायत के अंतर्गत मनरेगा आदि के तहत कार्यरत मजदूरों को कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण करवाने के बारे में आवश्यक दस्तावेज जरूरी हैं। मुख्यमंत्री विधवा, एकल, निराश्रित व दिव्यांग महिला आवास योजना के तहत तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद, मजदूर को स्वयं व दो बच्चों की शादी के लिए 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता सहित अन्य योजनाएं जानकारी दी गई। यदि लाभार्थी कोई प्रवासी मजदूर है, तो आवेदन प्रपत्र के साथ वह परिवार नकल की बजाय राशनकार्ड की कॉपी भी लगा सकता है के बारे में भी जानकारी उपलब्ध करवाई गई। पंचायत प्रतिनिधि व सचिव भी लाभार्थी मजदूरों की मदद से साथ-साथ जागरूक करेंगे। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा, कार्यालय स्टाफ व कामगार कल्याण बोर्ड का कार्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहा।