फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयराम ठाकुर बोले-कांग्रेस की सोच नक्सली, अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है पार्टी

हमीरपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल तैयार कर सत्ता हासिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्ष के धरना-प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच नक्सली बनकर रह गई है। उन्होंने विपक्ष की मांग को निराधार बताते हुए कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी। जयराम ठाकुर एनआईटी हमीरपुर में आयोजित शिक्षा महाकुंभ में शामिल होने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी मुख्य चुनाव आयुक्तों के खिलाफ काम करती रही है और अपने चहेते मुख्य चुनाव आयुक्तों को सेवानिवृत्ति के बाद महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त करवाती रही है। उन्होंने बताया कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने आचरण पर विचार करना चाहिए। प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नाम पर नई पार्टी के गठन की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति अपनी पार्टी बना सकता है। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री पर होली लॉज को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया है कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के पोस्टर तक नजर नहीं आते और पोस्टरों से भी उनकी तस्वीर गायब रखी गई है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस के कई बड़े नेता चुनाव मैदान से भागेंगे। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर आए हैं और भाजपा के कार्यकाल में प्रदेश में अधिक विकास कार्य हुए हैं। मंडी के विधायक अनिल शर्मा की बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा में अनुशासनहीनता के मामले में सभी के लिए नियम एक समान हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें