जिला ऊना में बाबा बड़भाग सिंह नैहरियां मेले में बेहतर सेवाएं देने पर एचआरटीसी कर्मियों को हमीरपुर में सम्मानित किया गया। शनिवार को हमीरपुर एचआरटीसी वर्कशॉप में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि एचआरटीसी मंडल हमीरपुर के डीएम राजकुमार पाठक ने शिरकत की। कार्यक्रम में चालक-परिचालकों सहित अन्य कर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर डीएम राजकुमार पाठक ने सम्मानित किया। डीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के समय में मेहनत करके ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि 89 प्रशंसा पत्रों को मंडल हमीरपुर के तहत आते डिपो में भेजा जा चुका है। वहीं हमीरपुर में लगभग 40 कर्मियों को सम्मानित किया गया है। इस दौरान चालक-परिचालक सहित अन्य सहायक स्टाफ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बाबा बड़भाग सिंह नैहरियां मेले में एचआरटीसी मंडल हमीरपुर की ओर से लगाई गई 37 विशेष बसों ने 39,15, 447 रुपये कमाए हैं। पिछले साल के मुकाबले यह राशि लगभग आठ लाख रुपये अधिक है। पिछले वर्ष मंडल की ओर से करीब 31 लाख रुपये कमाए गए थे। जिला ऊना में सात मार्च से लेकर 17 मार्च तक बाबा बड़भाग सिंह नैहरियां मेले आयोजित किया गया, जिसमें बसों की सेवाएं ली गई थीं।