फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर जेल में पत्नी की लाई जींस से मिला चिट्टा, सुरक्षा कर्मियों की जांच में पकड़ा गया नशीला पदार्थ

उप-कारागार हमीरपुर में विचाराधीन कैदी संजीव कुमार उर्फ जहाजी से मिलने पहुंची उसकी पत्नी द्वारा छोड़ी गई जींस की जांच के दौरान चिट्टा बरामद होने का मामला सामने आया है। जेल परिसर में सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से नशीला पदार्थ पकड़ा गया। जेल प्रशासन की सूचना पर सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चिट्टे को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, रविवार को संजीव कुमार उर्फ जहाजी की पत्नी उससे मिलने उप-कारागार पहुंची थीं। वह कैदी के लिए फल और कपड़े लेकर आई थीं। इसी दौरान उनके द्वारा छोड़ी गई जींस की सुरक्षा कर्मियों ने जांच की तो उसमें चिट्टा मिला। बताया जा रहा है कि नशीले पदार्थ की मात्रा काफी कम है। घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बरामद पदार्थ को कब्जे में लिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। संजीव कुमार उर्फ जहाजी नादौन में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में उप-कारागार हमीरपुर में विचाराधीन है। जेल में नशीला पदार्थ मिलने के मामले में पुलिस यह जांच कर रही है कि पदार्थ वहां तक कैसे पहुंचा और घटना से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं। इससे पहले भी जुलाई में हमीरपुर उप-जेल से चिट्टा, दो मोबाइल फोन, नशीले कैप्सूल और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। उस मामले में पुलिस करीब पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। सदर थाना पुलिस ने भोटा चौक पर उप निदेशक, शिक्षा विभाग के कार्यालय के पास धनवाणा निवासी सुनील कुमार को फॉयल पेपर पर चिट्टे का सेवन करते हुए पकड़ा। आरोपी ट्रक चालक है और उसके खिलाफ सदर थाना में पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उसका चिकित्सा परीक्षण करवाने के बाद रक्त और पेशाब के नमूने भी सुरक्षित किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए आरएफएसएल मंडी भेजा गया है। पुलिस ने रामनगर में 10.33 ग्राम चिट्टा बरामदगी से जुड़े पुराने मामले की जांच आगे बढ़ाई है। पुलिस के अनुसार, अणु के निकट साहिल निवासी वार्ड नंबर-7, अणु के कमरे की तलाशी ली गई, जहां से 5.37 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले की शुरुआत 26 जुलाई को वार्ड नंबर-10 रामनगर में पुलिस की कार्रवाई से हुई थी। उस दौरान तीन युवकों के कब्जे से 10.33 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। पुलिस ने शशांक भारद्वाज निवासी गांव बड़ैहर, तहसील भोरंज, नवीन कपलेश निवासी गांव लोहारड़ा और अश्वनी कुमार निवासी गांव बरोहा, डाकघर डुग्घा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामले की जांच के दौरान बलजीत और गुरदेव को भी गिरफ्तार किया गया। अब साहिल की गिरफ्तारी और उसके कमरे से हेरोइन बरामद होने के बाद पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने कहा कि पुलिस हिमाचल प्रदेश सरकार के नशामुक्त हिमाचल संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम जनता से नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें