भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर के लिए मंडी ही नहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी नारे लगते रहे हैं। यह कोई नईं बात नहीं है। अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने तीन दफा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर सेवाएं दी है और देश ही नहीं बल्कि विश्व भर में अलग पहचान बनाई है। हमीरपुर में भाजपा के विभिन्न मोर्चा की कार्य समिति एवं मंडल अध्यक्षों के नाम की घोषणा करने के बाद प्रेस वार्ता में पत्रकारों के सवाल में जिला अध्यक्ष ने यह बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय ठाकुर ने किस भाव से बयान दिया है इसके बारे में वह ज्यादा कुछ नहीं कह सकते हैं, लेकिन हमीरपुर भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रहा है। पिछले कुछ समय में पार्टी में जो परिदृश्य बनाया गया और टिकट आवंटन हुआ है उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। निर्दलीय लोगों ने भी चुनाव लड़े उससे समीकरण बिगड़े हैं। सब इन समीकरणों से भलीभांति परिचित हैं यही वजह है कि सकारात्मक परिणाम चुनाव में नहीं आए हैं। पार्टी में गुट बाजी के सवाल पर राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और हाई कमान की तरफ से जो भी दायित्व दिए जाते हैं उसको हर कार्यकर्ता निभा रहा है।