सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के जन्मदिन पर शनिवार को हमीरपुर के गांधी चौक और समीरपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली 30 महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया, जबकि समीरपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में 52 यूनिट रक्त एकत्रित किया। मीडिया को दिए ब्यान में अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर कर्मचारियों, पेंशनरों और खिलाड़ियों की मांगों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगें कई वर्षों से लंबित हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जिन आर्थिक लाभों की घोषणा की गई थी, वे भी कर्मचारियों को नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को चार साल हो चुके हैं, लेकिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले कई खिलाड़ियों को भी उनका हक नहीं मिला है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, देर आए दुरुस्त आए, कुछ तो दिया। इस दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की। युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया। इसके बाद उन्होंने कन्या पूजन किया और नौ कन्याओं को स्कूल बैग के साथ शिक्षा एवं खाद्य सामग्री भेंट की। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। वहीं सुजानपुर स्थित अनाथ आश्रम के 12 बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित की। इस पहल के माध्यम से बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।